एम अरशदरुपईडीहा/बहराइच l विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे का सोमवार को नेपाल के काठमांडू से लौटते समय रुपईडीहा के जमुनहा चेक पोस्ट पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने भव्य स्वागत किया। परांडे पिछले पांच दिनों से काठमांडू में आयोजित विहिप की अंतर्राष्ट्रीय बैठक में शामिल थे, जहां हिंदू समाज से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। भारत वापसी के दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी रुपईडीहा बॉर्डर पर पहुंची,वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं और जयघोष के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर विहिप के बहराइच जिला अध्यक्ष तरुण सिंह, जिला सह मंत्री नरेंद्र मदेशिया, वरिष्ठ कार्यकर्ता विवेक शुक्ला, बिल्लू शुक्ला, सूरज सोनकर, सुशील बंसल, डब्बू अग्रवाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।