Qutub Ansari / Sun, Nov 16, 2025 / Post views : 110
बहराइच ( रुपईडीहा )। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा के बीच रविवार एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा पार करते समय दो विदेशी नागरिकों को हिरासत में ले लिया। दोनों व्यक्तियों के पास भारत में प्रवेश के लिए आवश्यक कोई वैध दस्तावेज़ नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी की रूपईडीहा चेक पोस्ट पर जवान नियमित रूप से नेपाल से भारत आने-जाने वालों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपालगंज की ओर से आ रहे दो विदेशी नागरिकों पर संदेह होने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई। दस्तावेज़ों की जांच में पाया गया कि दोनों के पास भारत में प्रवेश संबंधी अनिवार्य प्रपत्र मौजूद नहीं हैं। थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने बताया कि बीओपी रूपईडीहा पर एसएसबी उपनिरीक्षक जगत दास तथा महिला जवानों की टीम तैनात थी। जांच के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों में एक महिला ब्रिटिश पासपोर्ट धारक है, जो मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली बताई गई है। दूसरा व्यक्ति पाकिस्तानी मूल का है, जो वर्तमान में यूनाइटेड किंगडम में रहता है। प्रपत्रों की अनुपस्थिति और संदेहास्पद स्थिति को देखते हुए दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है कि दोनों किस उद्देश्य से बिना अनुमति सीमा पार कर भारत में प्रवेश कर रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन