रईस खानबहराइच ( मिहींपुरवा )l
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए तहसीलदार मिहींपुरवा धर्मेंद्र कुमार ने सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ मिलकर ग्राम सुमई गौढ़ी, मिहीपुरवा की गुड़गुड़ डेरी और अन्य कई गांवों में खोया दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों से आवश्यक दस्तावेज और बिक्री रिकॉर्ड मांगे गए और उत्पादों से नमूने लिए गए।
तहसीलदार मिहींपुरवा धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि त्योहारों के समय उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। निरीक्षण और नमूना जांच के माध्यम से हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि बाजार में बिकने वाले खोया और डेयरी उत्पाद मानक अनुरूप हों। किसी भी दुकान में कमी पाए जाने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। हमारा उद्देश्य है कि लोग त्योहारों में विश्वास के साथ सभी खाद्य पदार्थ खरीद सकें।
निरीक्षण टीम द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे और आगामी त्योहारों में भी ऐसे नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे। स्थानीय लोग इस पहल को उपभोक्ताओं के हित में सकारात्मक कदम मान रहे हैं जो गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करता है। तहसीलदार धर्मेंद्र ने बताया कि मौके पर किसी प्रकार का मिलावटी पदार्थ प्राप्त नहीं हुआ परंतु लोगों को हिदायत दी गई है कि त्योहारों में किसी भी प्रकार की मिलावटी खोया , मिठाई का बिक्री न किया जाए।