Qutub Ansari / Fri, Aug 30, 2024 / Post views : 88
बहराइच l पयागपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुटेहना परिसर में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में सिंभावली पावर प्राइवेट लिमिटेड यूनिट चिलवरिया ने आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को 50 हिमोग्लोबिन मीटर किट प्रदान किए। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नियमित टीकाकरण सत्रों के दौरान गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं में हीमोग्लोबिन की जांच आसानी से की जा सके, ताकि एनीमिया का शीघ्र पता चल सके और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य पयागपुर, समय प्रसाद मिश्र ने हीमोग्लोबिन मीटर का वितरण किया। इस मौके पर सीएचसी पयागपुर के अधीक्षक, डॉ. थानेदार, ने कहा, "हमारा केंद्र एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। हीमोग्लोबिन की कमी, जिसे आमतौर पर एनीमिया कहा जाता है, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है। इससे थकान, कमजोरी, और गंभीर मामलों में जटिलताएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण 2019-21 के अनुसार प्रदेश में 50% से अधिक महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, और हमारे जनपद में भी यह आंकड़ा 48.8 है जो चिंताजनक है।" इस अवसर पर राजेश कुमार, जीएम सिंभावली ग्रुप, ने स्वास्थ्य केंद्र पर सिंभावली ग्रुप के सीएसआर फंड से कराए गए कार्यों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुटेहना व आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र खुटेहना में कंपनी ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत नया बोरवेल, पानी की टंकी की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल के लिए इंडस्ट्रियल आरओ प्लांट और वाटर कूलर की स्थापना, सभी टायलेट का नवीनीकरण, और लेबर रूम की टाइल्स की रिपेयरिंग जैसे कार्य किए हैं। इसके अलावा, सेंटर के अंदर सीमेंटेड ईंट से रास्ते का निर्माण, पेंटिंग और रंगाई-पुताई, और बिजली के कार्य भी शामिल हैं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समय प्रसाद मिश्र ने कहा, "सिंभावली ग्रुप द्वारा कराए गए कार्यों ने केंद्र की बुनियादी सुविधाओं को काफी हद तक बेहतर बनाया है और यहां आने वाले मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की हैं।" उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना की और आगे भी सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में 'एनीमिया मुक्त भारत' पर भी चर्चा की गई। संचालन अनुपम शुक्ला, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक ने किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजीव सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी खुटेहना, शशि कपूर मिश्र, मानव संसाधन प्रमुख; रंजीत यादव, मन्नू तिवारी, पवन कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक आशीष राय, सीएचओ शिवपूजन यादव, अंकित पाठक, एम.ए. अंसारी, रीता यादव, अंशू तिवारी, वंदना शर्मा, प्रतिभा देवी सहित दर्जनों आशाएं उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन