फैजान
फखरपुर/बहराइच । विख्यात सन्त बाबा जयगुुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी एवं जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्त पंकज महाराज अपनी 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा लेकर रूहानियत का पैगाम सुनाते हुये बहराइच जिले के जरवल, कैसरगंज ब्लाकों में होते हुये आज फखरपुर ब्लाक के ग्राम अचैलिया के खेल मैदान में जब पधारे तो स्थानीय भाई-बहनों व ग्राम प्रधान संजय सिंह तथा बच्चों ने फूलमाला, कलश व बैण्ड बाजे के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया। अपने सत्संग सम्बोधन में संस्थाध्यक्ष ने कहा कि संतों महात्माओं के सत्संग में किसी व्यक्ति विशेष, जाति, धर्म की निन्दा आलोचना नहीं की जाती है बल्कि यहां तो भगवान की भक्ति के प्रति पे्रम प्यार पैदा किया जाता है। सत्संग से विवेक जागृत होता है। मानव जीवन के उद्देश्य का पता चलता है। पैदा होने के पहले सबने वादा किया था कि हे परमात्मा! हमको मनुष्य शरीर दे दीजिये हम आपकी भक्ति करेंगे, भजन करेंगे लेकिन जब बड़े हुये तो प्रभु से किया गया वादा भूलकर दुनिया के सामानों को अपना मानकर बैठ गये। जब यहां से जाने का समय हुआ तो सब यहीं छूट गया। विचार करें ! यह शरीर किराये का मकान है। समय पूरा होते ही मकान मालिक इसे खाली करा लेगा। इसलिये प्रभु की प्राप्ति वाले संत महात्मा की खोज करके उनसे कलयुग की सरल सुरत-शब्द योग साधना का रास्ता लेकर भजन करके अपनी जीवात्मा के कल्याण का उपाय सभी को करना चाहिये।
महाराज जी ने यह भी अपील किया कि जब आप अशुद्ध आहार (मांसाहार) करके पशु-पक्षियों के बेमेल खून को अपने खून में मिलाओगे तो उनके कीटाणु आपके खून में प्रवेश कर जायेंगे। तरह-तरह की भयंकर बीमारियाँ पैदा हो जायेंगी। जिससे परिवार, समाज व देश प्रभावित होगा। उससे बचने के लिये अशुद्ध खान-पान और शराब आदि नशीले पदार्थों का त्याग करें। सभी लोग आपस में परस्पर पे्रम और सौहार्द के साथ रहें और एक-दूसरे के काम आयें। वर्तमान में युवाओं के अंधकारमय भविष्य को लेकर भी महाराज जी ने चिंता जताते हुये कहा कि ये युवा पीढ़ी देश का भविष्य व धरोहर है। इनको डिग्री के साथ-साथ अच्छे संस्कारों की भी जरूरत है। संस्कार पड़ेंगे महात्माओं के सत्संग से। सत्संग सुनकर ही उनका संस्कार जगेगा। वे शाकाहारी, सदाचारी व नशा मुक्त बनकर मां, बाप व देश का नाम रोशन करेंगे। इस प्रकार हमारी युवा पीढ़ी बरबादी से बच जायेगी। सभी धर्मावलम्बी, समाज के शुभचिन्तकों व अगुवाकारों का आह्वान किया कि वे अच्छे समाज के निर्माण में अपना योगदान दें इसी लक्ष्य व उद्देश्य को लेकर हम निकले हैं।
उन्होंने आगामी 8 से 12 दिस. तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में आयोजित होने वाले दादा गुरु जी के वार्षिक भण्डारा में आने का निमन्त्रण दिया तथा बताया कि मथुरा में वरदानी जयगुरुदेव मन्दिर बना है जहां बुराईयां चढ़ाने पर मनोकामना की पूर्ति होती है। जिला-इटावा उ.प्र. में तह. भरथना के गांव खितौरा धाम में बाबा जी की पावन जन्मभूमि है यहां पर भी भव्य वरदानी मन्दिर बना है। यहाँ सभी सम्प्रदायों के लोग आते हैं। महाराज जी ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला संगत बहराइच के अध्यक्ष रमाकान्त चैहान, ननके यादव, रमेश कुमार यादव, शोभाराम, विधायक आनन्द कुमार यादव, मुन्ना सिंह ब्लाक प्रमुख, कर्मपाल गुप्ता प्रधान ग्राम दहौरा, अचैलिया प्रधान संजय सिंह, रामचन्द्र, ज्वाला प्रसाद, हरद्वारी प्रसाद, ब्लाक हरख (बाराबंकी), बिहारी लाल, दिनेश वर्मा आदि उपस्थित रहे।
सत्संग के जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव हेतु ग्राम कटेहा ब्लाक तेलवापुर के लिये के लिये प्रस्थान कर गई। जहाँ कल (आज) दोप. 12.00 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।