( शुभम मिश्रा )बहराइच l जनपद बहराइच में लोकसभा के चुनाव में कुछ ही दिन शेष बचा है। ऐसे में खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्र संबंधित ब्लॉक में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसके लिए विभिन्न नवाचार भी अपनाया जा रहा है। बीईओ अनुराग मिश्र का मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए छात्र छात्राओं के कापियों पर मुहर अभियान जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्र के प्रेरणा से संविलियन विद्यालय कोदही के शिक्षक रवींद्र कुमार मिश्र ने जिन छात्र छात्राओं के अभिभावक बाहर रहते हैं, उनको बच्चों के माध्यम से फोन करके तथा बुलावा पत्र (पोस्ट कार्ड)भेजकर मतदान हेतु प्रेरित कर रहे हैं। कक्षा 2 का छात्र रवि चौहान के पिता लल्लन दिल्ली में, छात्रा आशिफा बेगम के पिता वसीम मुंबई में, कक्षा 4 की छात्रा नैंसी के पिता बलराम दिल्ली में तथा हिमांशु कश्यप के पिता पवन जालंधर पंजाब में रहते हैं। शिक्षक रवींद्र कुमार मिश्र ने इन सभी छात्र छात्राओं को पोस्टकार्ड उपलब्ध कराते हुए बुधवार को इनके अभिभावकों के पास डाकघर फखरपुर के माध्यम से बुलावा पत्र भेजवाया। सभी छात्र छात्राओं ने लिखा कि पापा अपने यहां 13 मई को लोकसभा 56 बहराइच का चुनाव होना है l इसलिए वोट डालने जरूर आना। उम्मीद है खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्र का यह अभियान भी मतदान प्रतिशत को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।