कौशलेंद्र पाण्डेबाबागंज/बहराइच l विकास क्षेत्र नवाबगंज अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में गठित विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का बोध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन स्थानीय लॉर्ड बुद्धा पीजी कॉलेज के सभागार में किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा के निर्देशन में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता
सुनील कुमार, राकेश मौर्या एवं सुशील पोरवाल ने प्रतिभागियों को बाल अधिकार एवं बाल अधिकारों का संरक्षण, निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के मुख्य प्राविधानों, विद्यालय प्रबंध समिति की संरचना, गठन, कार्यकाल, दायित्व एवं कार्य, विद्यालय विकास योजना, सोशल ऑडिट ,आउट आफ स्कूल बच्चों का चिन्हांकन, नामांकन तथा विशेष प्रशिक्षण, बालिका शिक्षा, आपरेशन कायाकल्प में विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्य एवं दायित्व तथा विद्यालय विकास में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। संदर्भदाता सुनील कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों द्वारा
जनपहल प्रशिक्षण माड्यूल के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का सम्यक उपयोग करते हुए विद्यालय प्रबंधन समितियों को सुदृढ़ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस दौरान शिक्षक कैलाश नाथ वर्मा, संतोष कुमार,पवन कुमार, अविराज सैनी, आनंद ,अजय मिश्रा, त्रिलोकी नाथ , वैभव सिंह विशेन, विनोद गिरि, शैलेन्द्र वर्मा, सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।