कौशलेंद्र पाण्डे
बाबागंज/बहराइच l विकासखंड नवाबगंज अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन बीआरसी नवाबगंज (बाबागंज) में किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा के निर्देशन में आयोजित समीक्षा बैठक में निपुण भारत मॉनिटरिंग सेंटर से प्राप्त डाटा का विश्लेषण कर विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन तथा विद्यालयों को निर्धारित समयावधि में निपुण बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान वर्तमान शैक्षिक सत्र में शैक्षिक गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रभावी रणनीतियों, बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन व ठहराव, संदर्शिका आधारित शिक्षण कार्य, शिक्षण में प्रिंटरिच सामग्रियों,गणित-विज्ञान किट का प्रयोग तथा सुनियोजित प्रयास द्वारा विद्यालयों को निपुण बनाने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विकास क्षेत्र के सभी विद्यालयों में प्रहरी क्लब गठन किए जाने, प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से कम से कम 10 बच्चों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा फॉर्म भराने,उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्यनरत अधिक से अधिक बच्चों को इंस्पायर अवार्ड योजना तथा कक्षा 8 में अध्यनरत बच्चों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा फॉर्म भराने हेतु शिक्षकों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक कक्षा 1,2 व 3 में अध्यनरत शत -प्रतिशत बच्चों का आकलन निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। इस दौरान दीक्षा एप पर उपलब्ध निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को 15 सितंबर से पूर्व पूर्ण किए जाने हेतु शिक्षकों को निर्देशित किया गया।खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराना हमारा नैतिक दायित्व है। परिषदीय विद्यालयों के उत्तरोत्तर विकास हेतु हमारा बेसिक शिक्षा विभाग कटिबद्ध है।निर्धारित समयावधि में निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षकों द्वारा सुनियोजित प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।बैठक में करुणा कृष्ण श्रीवास्तव,शमीम अहमद, विनय सिंह,विनोद गिरि,वैभव सिंह,अमित कुमार,सरोज कुमार,अजय मिश्रा,ध्यान चन्द,सुशील कुमार,अभय सिंह, राजेन्द्रराम,अमित कुमार,अजय सिंह, ममता मैनाली,मनीषा, मनोज कुमार सहित भारी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।