चंद सिक्कों की खनक में भूमि हो रही बंजर - ग्रामीणलियाकत अलीरिसिया/बहराइच l थाना दरगाह क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पुरैनी में खनन माफियाओं के विरुद्ध ग्रामीणों में काफी आक्रोश दिखा है। आसपास के इलाकों को खनन माफियाओं से बचाने वा आने वाले संकट को रोकने हेतु ग्रामीणों ने डीएम बहराइच को शिकायत पत्र देते हुए कार्यवाही की मांग की है। मालूम हो कि रिसिया के आसपास के इलाकों में खनन माफियाओं का पहले से बोलबाला रहा है। जिसपर खनन विभाग लगाम लगाने में असमर्थ नजर आ रही है। ग्राम पुरैनी से सटी उपजाऊ भूमि को खनन विभाग की शय में खनन माफिया बंजर बना रहे हैं। लाख शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार सोए हुए हैं। किसानों द्वारा बेची गई मिट्टी तो खुद ही रही है परन्तु खेत को खोद कर 20 फिट गहरा कर दिया गया है। आसपास के किसान मजबूर होकर सस्ते दाम में अपनी मिट्टी बेंच रहे हैं। जिससे आने वाला समय किसानों के लिए मुश्किल भरा हो सकता है। वहीं डंपर द्वारा मिट्टी ढोने के कारण सड़कें पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी हैं। आए दिन ग्रामीण गिरते रहते हैं। स्कूल आने जाने वाले विद्यार्थियों के कपड़े गन्दे हो जाते हैं। इस सम्बन्ध में खनन इंस्पेक्टर का कहना है कि मौके का निरीक्षण किया गया है। जांच की जा रही है रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।