Qutub Ansari / Sun, Nov 16, 2025 / Post views : 110
बहराइच ( मिहींपुरवा )l क्षेत्र में वर्षों से ठप पड़े रेलमार्ग और अधूरे अमान परिवर्तन कार्य को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में गहरा असंतोष उठ खड़ा हुआ है। शनिवार को बुद्धिलाल पेट्रोल पंप से तहसील मुख्यालय तक लगभग पाँच किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकालकर व्यापार मंडल ने रेल सुविधाओं की बहाली और नानपारा–मैलानी खंड पर अमान परिवर्तन कार्य शुरू कराने की जोरदार मांग की।
मार्च के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि *“रेल यातायात के मामले में मिहींपुरवा देश का सबसे उपेक्षित क्षेत्र बन चुका है। चुनाव के वक्त जिन सुविधाओं का वादा किया जाता है, वह बाद में कहीं दिखाई नहीं देतीं।”* महामंत्री विजय पोरवाल ने अव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि *“लंबे समय से हमारे साथ दूसरे दर्जे जैसा व्यवहार हो रहा है, जबकि यह इलाका पूरी तरह से रेल पर निर्भर है।”*
युवा व्यापारी नेता सचिन मदेशिया ने बताया कि पहले यहां से नियमित ट्रेनें चलती थीं, जिससे व्यापार, शिक्षा और इलाज आसान था, लेकिन धीरे-धीरे सभी ट्रेनें बंद कर दी गईं, जिससे पूरा क्षेत्र संकट में आ गया है।
पैदल मार्च में नितिन रस्तोगी, अशोक मित्तल, विनोद मदेशिया, गुंजन मदेशिया, धर्मेंद्र मदेशिया, नवीन अग्रवाल, सुरेश, महेश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन