Qutub Ansari / Fri, Nov 22, 2024 / Post views : 88
कृष्णा पाण्डेय 
मिहींपुरवा/बहराइच। विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत कतर्नियाघाट वन जीव प्रभाग के बाजपुर बनकटी गांव में एक चार वर्षीय बालक अभिनंदन को मौत के घाट उतारने वाला तेंदुआ शुक्रवार की सुबह वन विभाग के द्वारा लगाए गए पिंजड़े में कैद हो गया। करीब 5 दिन पूर्व बाजपुर बनकटी गांव के चार वर्षीय बालक अभिनंदन को तेंदुए ने हमला कर निवाला बना लिया था। जिसके बाद ग्रामीणों की मांग पर रेन्जर आशीष गौड़ ने वन दरोगा मयंक पांडे, राधेश्याम के नेतृत्व में विभाग की टीम के साथ मिलकर सीताराम पुरवा और बाजपुर बनकटी गांव के बीच घटनास्थल के समीप एक पिंजडा लगाया था जिसमें बकरी बांधकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन तेंदुआ पिछले 5 दिनों से लगातार चकमा दे रहा था। आज सुबह बकरी की लालच में पिंजरे में आ फंसा। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई l तेंदुए को देखने के लिए पिंजड़े के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई l इस बीच वन विभाग की टीम ने पिंजड़े को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर रेंज कार्यालय कतर्नियाघाट ले गए। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। वही इस दौरान मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बाजपुर बनकटी प्रदीप क्षेत्रीय ग्रामीण श्रीधर , मुन्ना, अंकिता मौर्य आदि लोगों ने बताया कि गन्ने के खेतों में गांव के समीप इस समय कई तेंदुए निवास कर रहे हैं जिनको कई बार ग्रामीणों ने देखा भी है l एक तेंदुआ वन विभाग के द्वारा पकड़ा गया है लेकिन क्षेत्र के खेतों में अन्य तेंदुए भी मौजूद है। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि समेत अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि गन्ने के खेतों में रह रहे अन्य तेंदुओं को पकड़ने के लिए भी पिंजड़ा लगवाया जाए जिससे क्षेत्र में अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन