Qutub Ansari / Mon, Nov 3, 2025 / Post views : 53
बहराइच ( पयागपुर )। भूपगंज बाज़ार स्थित श् त्रिदेव मंदिर में शनिवार की रात श्री श्याम जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक साज सज्जा से सजाया गया था। सैकड़ों की संख्या में भक्तगण देर रात तक भजन-संकीर्तन में झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना और श्री श्याम संकीर्तन से हुआ। रात्रि 8 बजे से प्रारंभ हुए भजन संकीर्तन में प्रसिद्ध भजन गायकों श्याम बिहारी शर्मा दिनकर सुकना राहुल सोनी पंकज कृष्णा विभोर अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर भक्त देर रात तक झूमते रहे। “हरे के सहारे खाटू वाले”, “श्याम तेरे प्रेम में दीवाने हो गए” जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
रात के ठीक 12 बजे खाटू श्याम बाबा का “जन्मोत्सव” धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने मिलकर “हैप्पी बर्थडे श्याम बाबा” गीत गाया और बाबा को विशाल केक का भोग लगाया गया। इसके बाद रंगीन आतिशबाज़ी से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में भव्य दरबार, आलोकिक श्रृंगार, भजन गंगा जैसे आयोजन हुए। रविवार को प्रसाद वितरण के साथ जन्मोत्सव का समापन किया गया।
इस भव्य आयोजन की व्यवस्था श्री श्याम प्रभु रानी सती मंदिर सेवा समिति, भूपगंज बाज़ार पयागपुर द्वारा की गई थी। आयोजन समिति के रामप्रसाद शर्मा संतोष अग्रवाल श्याम बिहारी शर्मा राधेश्याम अग्रवाल सुधीर अग्रवाल श्याम सुंदर अग्रवाल समेत सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर बाबा श्याम से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन