संतोष मिश्रानानपारा तहसील/बहराइच।
लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन आईपीएस आदित्य मिश्रा ने रुपईडीहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर व्यापार, सुरक्षा, और इमिग्रेशन प्रक्रियाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की और आवश्यक सुधार की दिशा में दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही उन्होंने भारत और नेपाल के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की। इस बैठक में नेपाल के एपीएफ एसपी विमल डांगी, एपीएफ डिप्टी एसपी जनक बसंत, नेपाल के चीफ कस्टम ध्रुव राज विश्वकर्मा, नेपाल इमिग्रेशन अधिकारी दुर्गा कुमारी ओली, नेपालगंज आईसीपी के टर्मिनल हेड तारक राज जोशी और भारत की ओर से लखनऊ कस्टम के असिस्टेंट कमिश्नर नंदेश्वर सिंह, रुपईडीहा कस्टम के सुपरिटेंडेंट पंकजमणि त्रिपाठी और दिनेश धमीजा, इमिग्रेशन इंस्पेक्टर बहाम गोंड, एसएसबी 42वीं बटालियन के कमांडेंट जी. एस. उदावत, और एसएसबी 70वीं बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट शैलेश कुमार शामिल हुए। बैठक में दोनों देशों के आयात-निर्यात से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की गई और व्यापार प्रक्रियाओं को सहज और पारदर्शी बनाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने की दिशा में विचार-विमर्श हुआ।