एम अरशदबहराइच ( रूपईडीहा )। शुक्रवार को सरस्वती विद्या मन्दिर, रूपईडीहा के प्रांगण से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। प्रभातकालीन समय में निकले इस संचलन में नगर के स्वयंसेवक, स्थानीय नागरिक और विद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। संचलन की शुरुआत सरस्वती विद्या मंदिर परिसर से हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पर आकर संपन्न हुआ। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे। मार्ग में स्थान-स्थान पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि पथ संचलन का उद्देश्य समाज में एकता, राष्ट्रीय चेतना, संस्कारों की महत्ता और सेवा भाव के संदेश को जन जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने कर्तव्यों का बोध रखते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में सर्वेश धर्मजागरण,विवेक शुक्ल एडवोकेट सह जिला प्रचार प्रमुख,अमित सह जिला बौद्धिक प्रमुख,राजेश सिंह सीमा जागरण मंच, कृष्ण चंद्र संघ चालक, कमलेश,अनिल,अरुण खण्ड कार्यवाह,दीपक सह खण्ड कार्यवाह, जीतू कश्यप,किशन बंसल,रोहन बाल्मीकि,सहित हजारों स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। वहीं, स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा यातायात व सुरक्षा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की गई।