फैजानफखरपुर/कैसरगंज/बहराइच l
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना’ के छह साल पूरे होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज मे एक जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन पूर्व कैबिनेट मन्त्री मुकुट बिहारी वर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूर्व मन्त्री श्री वर्मा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का स्वास्थ्य उसकी समृद्धि की नींव है। स्वस्थ जनता देश के विकास, उत्पादकता और नवाचार में योगदान करने में सक्षम होती है। आयुष्मान भारत इस स्वस्थ, मजबूत और विकसित भारत की संकल्पना का केंद्र है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना’ की छठी वर्षगांठ गर्व का क्षण है। सितंबर 2008 में शुरू यह योजना आज विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में से एक है। यह सभी नागरिकों, विशेष रूप से सबसे कमजोर लोगों के लिए समान स्वास्थ्य देखभाल पहुंच प्रदान करने की इस सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है। सम्बोधन के पश्चात उन्होंने स्वास्थ्य मेले का अवलोकन किया तथा बनाये जा रहे गोल्डेन कार्ड की सीएचसी अधीक्षक डा.एन.के.सिंह से जानकारी भी ली। उन्होने मेले मे अपने ब्लडप्रेशर व शुगर की जांच भी कराई। इस मौके पर गौरव वर्मा,ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन, डा.वी.के.सिंह, डा.वी डी वर्मा, डा0 अरविंद सिंह, मंडल अध्यक्ष शिवसहाय सिंह, शिवानंद सिंह, बुद्धिसागर गुप्ता, संजय राव, डा0 योगेश सिंह, विवेक शर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।