एम अरशदरूपईडीहा/बहराइच । स्थानीय सीमांत इंटर कॉलेज में बुधवार को एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें आपदा प्रबंधन के तहत छात्रों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक (अपराध) रंजीत यादव, उप निरीक्षक विजय कुमार एवं जितेश कुमार सिंह द्वारा विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थितियों में किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई। इंस्पेक्टर क्राइम रंजीत यादव ने छात्रों को बताया कि किसी भी आपदा या विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय संयम रखते हुए पहले से आवश्यक सामग्री जैसे टॉर्च, प्राथमिक उपचार किट, पीने का पानी आदि घरों में संग्रहित कर लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बहुमंजिला इमारतों में आपात स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग न करें, बल्कि सीढ़ियों से बाहर निकलें। सायरन बजने की स्थिति में बिजली की रोशनी बंद कर देना चाहिए ताकि किसी संभावित नुकसान से बचा जा सके। मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों को आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं बचाव उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।