( संतोष मिश्रा )नानपारा तहसील/बहराइच। विकास क्षेत्र नवाबगंज अंतर्गत कोलोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के क्षमता संवर्धन हेतु तीन दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र नवाबगंज में किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस तीन दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में संदर्भदाता विपिन प्रताप वर्मा व सुशील कुमार पोरवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मुख्य प्रावधानों, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2022 तथा विभाग द्वारा प्राप्त पुस्तकों पहल, परिकलन-2, परिकलन-3 आदि के बेहतर उपयोग की जानकारी दी। संदर्भदाता विपिन प्रताप वर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 3 से 4 आयुवर्ग 4 से 5 तथा 5 से 6 आयुवर्ग के बच्चों को 52 सप्ताह के मैनुअल पर आधारित कार्य योजना पर कार्य करने की विस्तृत जानकारी दी गई। संदर्भदाता सुशील कुमार पोरवाल ने प्रतिभागियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध चित्र, चार्ट, पोस्टर तथा अन्य सहायक सामग्रियों के बेहतर उपयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यशाला में ममता वर्मा,सुन्दर पति,माधुरी जायसवाल, दीपा, रूपरानी , मीना तिवारी, नीलम वर्मा, रीता त्रिपाठी, कल्पकृति, सुशीला देवी सहित कुल 54 आगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रही। प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन संबोधित करते हुए संदर्भदाता विपिन प्रताप वर्मा ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का सम्यक प्रयोग करते हुए नन्हें- मुन्ने बच्चों के चतुर्दिक विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।