Qutub Ansari / Sun, Mar 17, 2024 / Post views : 103
बहराइच। पयागपुर के पौराणिक बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती दंगल के प्रथम दिवस उत्तरप्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के पहलवानों ने दबदबा कायम किया। पहले दिन हरिद्वार के प्रदीप शास्त्री देवीपाटन फैजाबाद मंडल विजेता दिग्विजय पहलवान और हरियाणा के गौरव पहलवान ने अपने अपने विरोधियों को धूल चटाई। दंगल के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य आयोजक हिंद केसरी उत्तम त्रिपाठी ने बताया कि बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती दंगल का उद्घाटन समाजसेवी ए बी शुक्ला और महंत सरोज भारती ने किया। कुश्ती दंगल के प्रथम दिवस हरिद्वार उत्तराखंड के प्रदीप शास्त्री झांसी के तूफान पहलवान के बीच हुआ जिसमें प्रदीप ने तूफान पहलवान को चित किया। दूसरा मुकाबला गोरखपुर के मोहित और हरियाणा के गौरव पहलवान के बीच हुआ जिसमें गौरव ने जीत दर्ज की। बहराइच के शुभम और संभल के अर्जुन पहलवान की कुश्ती में अर्जुन ने जीत दर्ज की। प्रथम दिवस का सबसे रोमांचक मुकाबला फैजाबाद देवीपाटन मंडल विजेता दिग्विजय पहलवान का आगरा के काली घटा पहलवान के साथ हुआ जिसमे दिग्विजय ने काली घटा की आसमान दिखाकर दर्शको को वाहवाही लूटी। एक और रोमांचक मुकाबले में राजस्थान श्री गंगा नगर के बादल गुज्जर पहलवान को हनुमान गढ़ी अयोध्या के बाबा हरिकिशन दास ने पराजित किया। दूसरी ओर गोलू पहलवान गोंडा और लाला पहलवान मुरादाबाद, मनोज पहलवान पयागपुर और अर्जुन पहलवान तथा बाबर पहलवान अजमेर और गौरव चौधरी नई दिल्ली के मुकाबले बराबर रहे। कुश्ती दंगल के आयोजन में संयोजक बाबा पंचदेव तिवारी, बाबा संजय भारती, श्री कृष्ण तिवारी, बलवान तिवारी सहित दर्जनों लोग सक्रिय रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन