( अशोक सोनी )जरवल/बहराइच। मंगलवार को हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र पर किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्र पर पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाना है।बीआरसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के आयोजक बीईओ अरविंद बहादुर सिंह ने मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों व बच्चों के अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षित कर अज्ञानता का अन्धेरा मिटाने के लिए कृत संकल्पित है। इसी कड़ी में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सभी आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को हरसंभव सुविधाओ के साथ बेहतर पढ़ाई की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सभी का प्रयास हो कि आंगनबाड़ी से बच्चा जब बेसिक के प्राइमरी स्कूल में कक्षा एक मे पढ़ने आये तब वो कोरा कागज न हो। यानी उसे बुनियादी पूर्वज्ञान रहे। कार्यक्रम में बीआरसी कैम्पस प्राथमिक विद्यालय जरवल रोड प्रथम के प्रधानाध्यापक संतोष वर्मा के निर्देशन में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी। इस अवसर पर सभी ब्लॉक एआरपी, शिक्षक संगठन के अध्यक्ष व मंत्री, बीआरसी स्टाफ, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, मौजूद रहे।