खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
( कौशलेंद्र पाण्डे )
बाबागंज/बहराइच l विकास क्षेत्र नवाबगंज के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का दल एआरपी सुनील कुमार व निर्मल शुक्ला के निर्देशन में शैक्षिक भ्रमण के लिए श्रावस्ती रवाना हुआ। ब्लॉक संसाधन केंद्र नवाबगंज से रवाना हुए शैक्षिक भ्रमण दल को खंड शिक्षा अधिकारी राधेश्याम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एआरपी सुनील कुमार ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण हेतु बच्चों का चयन राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त बच्चों में से किया गया । उन्होंने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, बच्चों में मनोवैज्ञानिक मनोवृत्ति का विकास करने तथा विद्यालयों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत इस भ्रमण का आयोजन किया जा रहा है। शैक्षिक भ्रमण के सफल संचालन में भ्रमण तथा बच्चों के मार्गदर्शन में भ्रमण दल प्रभारी विनोद गिरि, जब्बार अली, शोहराब खां, निगार सुल्ताना, रीना सिंह, रेनू वर्मा, जितेन्द्र सिंह, अरविंद वर्मा आदि का सराहनीय योगदान रहा।