( अशोक सोनी )
जरवल/बहराइच। जमीन के विवाद में दबंगों ने घर में घुसकर अकेली महिला की पिटाई कर दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जरवल विकास खण्ड के ग्राम पंचायत गण्डारा निवासी महिला ने कैसरगंज थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपने घर पर अकेली थी। उसके घर का विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा सिविल जज न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय से यथास्थिति बनाए रखने का आदेश है। आरोप है कि गण्डारा प्रधान प्रतिनिधि हसनैन कमाल, सहरुन निशा, लैलतुन व शहरुख खान उसके घर मे रविवार रात घुस आए। गाली गलौज करते हुए उसको मारने पीटने लगे। महिला के शोर मचाने पर उसके पति अब्दुल मुत्तलिब आ गये। दबंगों ने उनको भी मारा पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। प्रभारी निरीक्षक कैसरगंज राजनाथ सिंह ने बताया कि तरीकुन्निशा की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि हसनैन कमाल, सहरून निशा, लैलतुन और शाहरुख खान निवासी गण गण्डारा के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गाली गलौज, जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना चौकी इंचार्ज गण्डारा को भेज दी गयी है।